शुक्रवार, 9 दिसंबर 2016

विशुद्ध धार्मिकता-

अधिकतर मेरी बातें सनातन धर्म के कुछ सिद्धांतो व रूढ़ियों को विरूद्ध होती हैं जिससे मेरे कुछ सनातनी मित्र असहज हो जाते हैं। वे कहते हैं आप धार्मिक होकर ऐसी बातें करते हो! मेरा उत्तर होता है कि मित्र केवल धार्मिक व्यक्ति ही ऐसी बातें कर सकता है; अधार्मिक नहीं। धार्मिक व्यक्ति कभी भी कट्टर और रूढ़िवादी नहीं होता, अगर वह चाहे तो भी नहीं हो सकता। धार्मिक व्यक्ति ना हिन्दू होता है; ना मुसलमान; ना सिक्ख; ना ईसाई, धार्मिक व्यक्ति तो बस धार्मिक होता है; विशुद्ध धार्मिक। मैंने कई बार कहा है पुन: कहे देता हूं धर्म एक व्यवस्था मात्र है इसे परमात्मा से जोड़े जाने के पीछे उद्देश्य यही था कि व्यवस्था ठीक प्रकार से चले; बस, इससे अधिक धर्म का परमात्मा से कोई सम्बन्ध नहीं। अत: परमात्मा के साक्षात्कार की फ़िकर कीजिए आप अपने आप धार्मिक हो जाएंगे।
-ज्योतिर्विद पं. हेमन्त रिछारिया

हमारे षोडश संस्कार

जानिए षोडश संस्कारों एवं उनके करने का शास्त्रोक्त समय-
-----------------------------------------------------------------------
१. गर्भाधान संस्कार- सायंकाल, व्रतादि तिथियों एवं श्राद्ध तिथियों को छोड़कर किसी भी शुभ मुहूर्त में।
२. पुंसवन संस्कार- गर्भस्थापन के दूसरे या तीसरे माह में।
३. सीमान्तोन्न्यन संस्कार- गर्भस्थापन के छठे या आठवें माह में।
४. जातकर्म संस्कार- प्रसवपीड़ा होने पर।
५. नामकरण संस्कार- जन्म के ग्यारहवें या बाहरवें दिन।
६. निष्क्रमण संस्कार (बाहर घुमाना)- नामकरण संस्कार के दूसरे दिन या जन्म के चौथे माह में।
७. अन्नप्राशन संस्कार- जन्म के पांच माह के बाद और छ: माह के अन्दर।
८. चूड़ाकर्म संस्कार (मुण्डन)- ब्राह्मण, क्षत्रिय व वैश्य का जन्म के प्रथम वर्ष अथवा तीसरे वर्ष में।
९. कर्णवेध संस्कार- जन्म के तीसरे या पांचवे वर्ष में।
१०. उपनयन (जनेऊ) संस्कार- ब्राह्मण का आठवें वर्ष में, क्षत्रिया का ग्यारहवें वर्ष में व वैश्य का बारहवें वर्ष में।
११. वेदारम्भ संस्कार- उपनयन संस्कार वाले दिन अथवा उससे तीसरे दिन।
१२. समावर्तन संस्कार- वेदाध्ययन समाप्त होने पर। ब्राह्मणों का केशान्त कर्म सोलहवें वर्ष में, क्षत्रिय का बाईसवें वर्ष में और वैश्य का चौबीसवें वर्ष में होना चाहिए।
१३. विवाह संस्कार- विवाह की उचित आयु होने पर।
१४. आवस्थ्याधान संस्कार- विवाह के पश्चात।
१५. श्रोताधान संस्कार- आवस्थ्याधान संस्कार के पश्चात।
१६. अन्तेष्टि संस्कार- मृत्यु होने पर।

-ज्योतिर्विद पं. हेमन्त रिछारिया
प्रारब्ध ज्योतिष परामर्श केन्द्र