सोमवार, 29 सितंबर 2014

तैंतीस कोटि देवता

अक्सर लोग अपने अज्ञान के कारण कई गलत बातों को प्रचलन में डाल देते हैं जिसे बाद में गलत सिद्ध कर पान कठिन हो जाता है ऐसी ही मिथ्या धारणा है कि सनातन हिन्दू धर्म में 33 करोड़ देवी-देवता हैं;लेकिन ऐसा है नहीं, सच्चाई इसके बिलकुल ही विपरीत है |  हमारे वेदों में 33 “कोटि” देवी-देवताओं का उल्लेख है | संस्कृत के “कोटि” शब्द का अर्थ “प्रकार” भी होता है और “करोड़” भी, किंतु कुछ धर्मावलंबियों ने इसका वास्तविक अर्थ समझे बिना ही इसे “करोड़” के रूप में प्रचारित कर दिया, यह एक ऐसी भूल है जिसने वेदों में लिखे पूरे अर्थ को ही परिवर्तित कर दिया |  हमारे धर्म ग्रंथों में सूर्य, चन्द्र, वरुण, वायु , अग्नि को भी देवता माना गया है। ज़रा विचार कीजिए यदि वास्तव में ३३ करोड़ देवी-देवता होते तो कहीं ना कहीं;किसी ना किसी शास्त्र में उनका नाम तो अवश्य होता! क्या आज तक किसी भी हिन्दू धर्मगुरू ने ३३ करोड़ देवी-देवताओं के नाम का उल्लेख किया है? इसके विपरीत ३३ प्रकार के देवताओं के नाम उपलब्ध हैं जो इस प्रकार हैं-

12 आदित्य है - धाता , मित् , अर्यमा , शक्र , वरुण , अंश , भग , विवस्वान , पूषा , सविता , त्वष्टा , एवं विष्णु |

8 वसु हैं - धर , ध्रुव ,सोम , अह , अनिल , अनल , प्रत्युष एवं प्रभाष

11 रूद्र हैं - हर , बहुरूप, त्र्यम्बक , अपराजिता , वृषाकपि , शम्भू , कपर्दी , रेवत , मृग्व्यध , शर्व तथा कपाली |

2 अश्विनी कुमार हैं |

कुल : 12 +8 +11 +2 =33

वैसे समाधि को उपलब्ध साधक ये भलीभांति जानते हैं कि शून्य और निराकार अस्तित्व के अतिरिक्त ईश्वर की और कोई सत्यता नहीं है इसके बारे में हमारे धार्मिक ग्रंथों ने भी बताया है जैसे  “निरंजनो निराकारो एको देवो महेश्वरः” अर्थात इस ब्रह्माण्ड में सिर्फ एक ही देव हैं जो निरंजन निराकार है वहीं रामायण में भी तुलसीदास जी ने कहा है “बिनु पद चले सुने बिनु काना, बिनु कर करम करे विधि नाना”। गुरूनानक देव  का वचन है-“एक ओंकार सतनाम”।

पंच;सप्त;अष्ट;दश

पंचामृत-

१. गौदुग्ध
२. गौघृत (गाय का घी)
३. दही (गाय के दूध से बना)
४. गंगोदक (गंगाजल)/नर्मदाजल
५. शहद

पंचगव्य-

१. गौमूत्र
२. गाय का गोबर
३. गौदुग्ध
४. गौघृत (गाय का घी)
५. दही (गाय के दूध से बना)

पंचरत्न-

१. स्वर्ण
२. चांदी
३. तांबा
४. मूंगा
५. मोती

पंचपल्लव-

१. पीपल का पत्ता
२. आम का पत्ता
३. गूलर का पत्ता
४. बड़ का पत्ता
५. अशोक का पत्ता

सप्तधान्य-

१. जौ
२. गेहूं
३. चावल
४. तिल
५. कंगनी
६. उड़द
७. मूंग

सप्तधातु-

१. स्वर्ण
२. चांदी
३. ताम्बा
४. लोहा
५. रांगा
६. सीसा
७. आरकुट

सप्तमृतिका

१. हाथी के पांव की
२. अस्तबल की
३. नदी संगम की
४. तालाब की
५. बामी की
६. दीमक की
७. राजद्वार या गौशाला की

अष्टमहादान-

१. कपास
२. नमक
३. घी
४. सप्तधान्य
५. स्वर्ण
६. लोहा
७. भूमि
८. गौदान

अष्टांगअर्घ्य-

१. जल
२. पुष्प
३. कुशा का अग्रभाग
४. दही
५. चावल
६. केशर
७. दूर्वा
८. सुपारी

दशमहादान-

१. गौ
२. भूमि
३. तिल
४. स्वर्ण
५. चांदी
६. वस्त्र
७. धान्य
८. गुड़
९. घी
१०. नमक

श्रावणी उपाकर्म एवं हेमाद्रि संकल्प

वर्ष भर हुए ज्ञात अज्ञात संपूर्ण पापों के लिए प्रतिवर्ष श्रावण मास की पूर्णिमा (रक्षाबंधन) के अवसर पर “हेमाद्रि संकल्प” एवं “श्रावणी उपाकर्म” किया जाता है। विशेष रूप से यह दोनों कर्म ब्राह्मणों के लिए अनिवार्य होते हैं। इसके अंतर्गत दशविधि (१०प्रकार के स्नान) जिसमें-
१. भस्म स्नान
२. मृतिका स्नान,
३. गोमय (गाय का गोबर) स्नान
४. पंचगव्य स्नान
५. गोरज स्नान
६. धान्य स्नान
७. फल स्नान
८. सर्वोषधि स्नान (हल्दी इत्यादि)
९. कुशोदक स्नान (कुशा के जल से)
१०.हिरण्य (स्वर्ण)
आदि से स्नानोपरांत पितृ तर्पण व सप्तऋषियों का आवाहन व पूजन किया जाता है। इसके पश्चात नवीन जनेऊ (एकाधिक जनेऊ)  का शुद्धिकरण कर उनमें से एक को धारण किया जाता है। शास्त्रोक्त मत यह है कि वर्ष में कभी जनेऊ के अशुद्ध होने पर “श्रावणी उपाकर्म” के दौरान शुद्ध व अभिमंत्रित जनेऊ से ही पुराने-अशुद्ध जनेऊ का स्थानापन्न किया जाता है। यह कर्म ब्राह्मणों के लिए अनिवार्य बताया जाता है।

रविवार, 28 सितंबर 2014

सुभाषित


“भाग्योदये जन्तुं विशन्ति शतशः स्वयम्।
दिग्भ्योम्युपेत्य सर्वाभ्यः सायं तरूनिवाण्डजाः॥”

अर्थात् संध्या होते ही जैसे सभी पशु-पक्षी विभिन्न दिशाओं से आकर पेड़ पर रैन-बसेरा लेने पहुंच जाते हैं वैसे ही जब मनुष्य का भाग्योदय काल बनता है, तब सभी दिशाओं से विविध प्रकार की सम्पदा अनायास ही भाग्यशाली व्यक्ति के पास पहुंच जाती है।

भोजन विधान

सर्वप्रथम अपने दाहिनी ओर भूमि पर जल का सिंचन करें फिर निम्न मंत्र बोलकर उस भूमि पर तीन ग्रास  निकालें।
ॐ भूपतये स्वाहा
ॐ भुवनपतये स्वाहा
ॐ भूतानां पतये स्वाहा
तत्पश्चात भोजन मंत्र पढ़ने के उपरान्त निम्न मंत्र बोलकर आचमन करें-
“ॐ अमृतोपस्तरणमसि स्वाहा”
फिर सर्वप्रथम छोटे-छोटे ५ ग्रास बनाकर निम्न मंत्रों के साथ (बिना बोले) ग्रहण करें-
ॐ प्राणाय स्वाहा
ॐ अपानाय स्वाहा
ॐ व्यानाय स्वाहा
ॐ उदानाय स्वाहा
ॐ समानाय स्वाहा

विभिन्न उपचार पूजन


पंचोपचार पूजन-

१. गन्ध
२. पुष्प
३. धूप
४. दीप
५. नैवेद्य

दशोपचार-

१. पाद्य
२. अर्घ्य
३. आचमन
४. स्नान
५. वस्त्र
६. गन्ध
७. पुष्प
८. धूप
९. दीप
१०. नैवेद्य

षोडशोपचार-

१. पाद्य
२. अर्घ्य
३. आचमन
४. स्नान
५. वस्त्र
६. आभूषण
७. गन्ध
८. पुष्प
९. धूप
१०. दीप
११. नैवेद्य
१२. आचमन
१३. ताम्बूल
१४. स्तवपाठ
१५. तर्पण
१६. नमस्कार

पंचदेव

गृहस्थ व्यक्ति के लिए शास्त्रों  में पंचदेवों की पूजा का विधान है-

“आदित्यं गणनाथं च देवीं रुद्रं च केशवम्।
 पंचदैवत्यमित्युक्तं सर्वकर्मसु पूजयेत्॥”

ये पंचदेव हैं- सूर्य, गणेश, दुर्गा, शिव और विष्णु। इनकी पूजा सभी गृहस्थों को नियमित रूप से करनी चाहिए।

शुक्रवार, 26 सितंबर 2014

नवरात्र में दुर्गा साधना


प्रत्येक वर्ष अश्विन मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा से शक्ति की आराधना का पर्व “नवरात्र” का प्रारंभ होता है, जिसे “शारदीय नवरात्र” कहते हैं। नवरात्रि में दुर्गा पूजा विशेष महत्व होता है। अनेक स्थानों पर पांडाल सजाकर देवी की प्रतिमा स्थापित कर देवी की पूजा-अर्चना की जाती है तो कहीं केवल घट स्थापन, अखंड ज्योत व जवारे रखकर मां भगवती की आराधना की जाती है। दुर्गा पूजा “दुर्गा सप्तशती” के बिना अधूरी है। इन नौ दिनों में “दुर्गासप्तशती” के पाठ का बहुत महत्व है। कठिन साधना ना कर सकने वाले साधक मात्र मां दुर्गा के चित्र के समीप दीप प्रजवल्लित कर दुर्गासप्तशती का पाठ कर पुण्यफ़ल प्राप्त कर सकते हैं किंतु “दुर्गासप्तशती” का पाठ एक निश्चित विधि अनुसार ही किया जाना श्रेयस्कर है। आईए जानते है “दुर्गासप्तशती” के पाठ की सही विधि-
१. प्रोक्षण (अपने ऊपर नर्मदा जल का सिंचन करना)
२. आचमन
३. संकल्प
४. उत्कीलन
५. शापोद्धार
६. कवच
७. अर्गलास्त्रोत
८. कीलक
९. सप्तशती के १३ अध्यायों का पाठ (इसे विशेष विधि से भी किया जा सकता है)
१०. मूर्ती रहस्य
११. सिद्ध कुंजीका स्त्रोत
१२. क्षमा प्रार्थना

विशेष विधि-
-----------
दुर्गा सप्तशती के १ अध्याय को प्रथम चरित्र। २,३,४ अध्याय को मध्यम चरित्र एवं ५ से लेकर १३ अध्याय को उत्तम चरित्र कहते है। जो साधक पूरा पाठ (१३ अध्याय) का पाठ एक दिन में नहीं कर सकते वे निम्न क्रम में भी इसे कर सकते हैं-
१ दिन- १ अध्याय
२ दिन- २ व ३ अध्याय
३ दिन- ४ अध्याय
४ दिन- ५.६.७.८.अध्याय
५ दिन- ९ व १० अध्याय
६ दिन- ११ अध्याय
७ दिन- १२ व १३ अध्याय
८ दिन- मूर्ती रहस्य,हवन,बलि व क्षमा प्रार्थना
९ दिन- कन्याभोज इत्यादि।
 विभिन्न लग्नों में मंत्र साधना प्रारंभ किए जाने का फल भी भिन्न-भिन्न प्रकार से प्राप्त होता है-
१. मेष लग्न- धन लाभ
२. वृष लग्न- मृत्यु
३. मिथुन लग्न- संतान नाश
४. कर्क लग्न- समस्त सिद्धियां
५. सिंह लग्न- बुद्धि नाश
६. कन्या लग्न- लक्ष्मी प्राप्ति
७. तुला लग्न- ऐश्वर्य
८. वृश्चिक लग्न- स्वर्ण लाभ
९. धनु लग्न- अपमान
१०. मकर लग्न- पुण्य प्राप्ति
११. कुंभ लग्न- धन-समृद्धि की प्राप्ति
१२. मीन लग्न- दुःख की प्राप्ति होती है।

आचमन


“एवं स ब्राह्मणों नित्यमुस्पर्शनमाचरेत्।
ब्रह्मादिस्तम्बपर्यंन्तं जगत् स परितर्पयेत्॥”
प्रत्येक कार्य में आचमन का विधान है। आचमन से हम न केवल अपनी शुद्धि करते हैं अपितु
ब्रह्मा से लेकर तृण तक को तृप्त कर देते हैं।

आचमन विधि-
--------------
आचमन सदैव उत्तर,ईशान या पूर्व दिशा की ओर मुख कर करें। दक्षिण व पश्चिम दिशा की ओर मुख करके आचमन कदापि ना करें।

“ह्त्कण्ठतालुगाभिस्तु यथासंख्यं द्विजातय:।
 शुध्येरन् स्त्री च शूद्रश्च सकृत्स्पृष्टाभिरन्तत:॥”

आचमन के लिए जल इतना लें कि ब्राह्मण के ह्रदय तक,क्षत्रिय के कंठ तक, वैश्य के तालु तक व शूद्र एवं महिलाओं की जीभ तक ही जाए। हथेलियों को मोड़कर गाय के कान जैसा बना लें कनिष्ठा व अंगुष्ठ को अलग रखें। तत्पश्चात जल लेकर तीन बार निम्न मंत्र का उच्चारण करते हुए जल ग्रहण करें-
ॐ केशवाय नम:
ॐ नाराणाय नम:
ॐ माधवाय नम:
 ॐ  ह्रषीकेशाय नम:, बोलकर ब्रह्मतीर्थ (अंगुष्ठ का मूल भाग) से दो बार होंठ पोंछ्ते हुए हस्त प्रक्षालन करें (हाथ धो लें)। उपरोक्त विधि ना कर सकने की स्थिति में केवल दाहिने कान के स्पर्श मात्र से ही आचमन की विधि की पूर्ण मानी जाती है।

"श्रद्धयां इदं श्राद्धम"

"श्रद्धयां इदं श्राद्धम"
-अर्थात अपने पूर्वजों के निमित्त श्रद्धा से किया गया कर्म ही श्राद्ध है।

****
शास्त्र का मत है कि यदि कारणवश कोई व्यक्ति श्राद्ध ना कर पाए तो उसे पूर्ण श्रद्धा व भक्तिपूर्वक अपने दोनों हाथ आकाश की ओर उठाकर निम्न प्रार्थना करनी चाहिए-

“न मे·स्ति वित्तं न धनं च नान्याच्छ्राद्धपयोग्यं स्वपितृन्नतो·स्मि।
 तृष्यन्तु भक्त्या पितरो मयैतौ कृतौ भुजौ वत्मीने मारुतस्य।”

हे मेरे पितृगण! मेरे पास श्राद्ध के उपयुक्त न तो धन है, न धान्य आदि है। हां मेरे पास आपके लिए श्रद्धा व भक्ति है। मैं इन्हीं के द्वारा आपको तृप्त करना चाहता हूं। आप तृप्त हो जाएं। मैंने दोनों भुजाओं को आकाश में उठा रखा है।
****
शास्त्रानुसार श्राद्ध में किसी भी ब्राह्मण को भोजन कराने की विधि नहीं है। शील, शौच, प्रज्ञावान, सदाचारी, संध्या-वन्दन करने वाला एवं गायत्री मन्त्र का जप करने वाले श्रोत्रिय ब्राह्मण को ही श्राद्ध में निमन्त्रण देना चाहिए।
"गायत्रीजाप्यनिरतं हव्यकव्येषु योजयेत्"। -(वीरमित्रोदय श्राद्धप्रकाश)
तप,धर्म,दया,दान,सत्य,ज्ञान, वेदज्ञान, कारुण्य, विद्या, विनय तथा अस्तेय (अचौर्य) आदि गुणों से युक्त ब्राह्मण ही इसका अधिकारी है।
"तपो धर्मो दया दानं स्त्यं ज्ञानं श्रुतिर्घृणा ।
विद्याविनयमस्तेयमेतद् ब्राह्मणलक्षणम्॥" -(वीरमित्रोदय श्राद्धप्रकाश)
*****
शास्त्रानुसार श्राद्ध में भोजन करते समय मौन रहना चाहिए। मांगने या प्रतिषेध का संकेत हाथ से ही करना चाहिए। भोजन कराते समय ब्राह्मण से भोजन कैसा है यह नहीं पूछना चाहिए तथा भोजनकर्ता को भी श्राद्धान्न की प्रशंसा या निन्दा नहीं करनी चाहिए।
"याचनं प्रतिषेधो वा कर्तव्यो हस्तसंज्ञया।
न वदेन्न च हुंकुर्यादतृप्तौ विरमेन्न च॥" - (श्राद्धदीपिका)
*****

श्राद्धभोक्ता के लिए निम्न आठ वस्तुओं का शास्त्रानुसार निषेध है-
१. पुनर्भोजन (एक ही समय दुबारा भोजन ना करें) २. यात्रा ३. भार ढोना ४. परिश्रम ५. मैथुन ६. दान ७. प्रतिग्रह ८. होम।
*****
श्राद्ध में निषिद्ध अन्न-
शास्त्रानुसार श्राद्ध में मसूर, अरहर, गाजर, कुम्हड़ा, गोल लौकी, बैंगन, शलजम, हींग, प्याज, लहसुन, काला नमक, जीरा, सिंघाड़ा, जामुन, अलसी, चना ये सब श्राद्ध में वर्जित हैं।
*****
श्राद्ध में लोहे का निषेध-
--------------------------
श्राद्ध कर्म में लोहे के पात्रों का नहीं करना चाहिए। श्राद्ध कर्म में लोहे का निषेध है। शास्त्रों में तो पाकशाला में लौह पात्रों का निषेध है। शास्त्रानुसार लौह पात्रों ब्राह्मणों को भोजन नहीं कराना चाहिए और ना ही दान में लोहे के पात्र देने चाहिए। लौह दर्शन करते पितर निराश व रुष्ट (नाराज) होकर चले जाते हैं। श्राद्ध कर्म में सदैव सोना, चांदी, कांसा, तांबा आदि का ही प्रयोग करना चाहिए एवं दान भी इन्ही पात्रों का देना चाहिए।
*****
श्राद्ध में पाद-प्रक्षालन
--------------------------
श्राद्ध में पाद-प्रक्षालन (पैर धुलाने) का बहुत महत्व है। ब्राह्मण भोजन से पूर्व ब्राह्मणों का पाद-प्रक्षालन किया जाना चाहिए। पाद-प्रक्षालन सदैव ब्राह्मणों को आसन पर बिठाकर करना चाहिए। खड़े-खड़े पाद-प्रक्षालन कराने से पितर रुष्ट (नाराज) होते हैं। पाद-प्रक्षालन करते समय अपनी धर्मपत्नि को अपने दाहिने ओर रखना चाहिए। धर्मपत्नि के वाम भाग में रहते पाद-प्रक्षालन करने से वह श्राद्ध आसुरी हो जाता है और पितरों को प्राप्त नहीं होता।
*****
श्राद्ध में चांदी की भूमिका-
------------------------------
श्राद्ध में चांदी की बहुत महत्वपूर्ण भूमिका होती है। चांदी का दान करने से पितर अत्यंत प्रसन्न होते हैं। शास्त्रानुसार यदि चांदी का दान ना भी कर पाएं तो केवल चांदी के विषय में चर्चा करने मात्र से पितर संतुष्ट हो जाते हैं। अत: अपनी सामर्थ्य अनुसार श्राद्ध में चांदी अवश्य दान करनी चाहिए।

-ज्योतिर्विद पं. हेमन्त रिछारिया
प्रारब्ध ज्योतिष परामर्श केन्द्र

जगन्नाथ पुरी “रथयात्रा”


जगन्नाथ पुरी में विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा का शुभारंभ आषाढ़ शुक्ल द्वितीया से होता है। जिसमें भगवान कृष्ण और बलराम अपनी बहन सुभद्रा के साथ रथों पर सवार होकर “श्रीगुण्डीचा” मंदिर के लिए प्रस्थान करेंगे और अपने भक्तों को दर्शन देंगे। जगन्नाथ रथयात्रा प्रत्येक वर्ष की आषाढ़ शुक्ल द्वितीय को प्रारंभ होती है। जो आषाढ़ शुक्ल दशमी तक नौ दिन तक चलती है। यह रथयात्रा वर्तमान मन्दिर से “श्रीगुण्डीचा मंदिर” तक जाती है इस कारण इसे “श्रीगुण्डीचा यात्रा” भी कहते हैं। इस यात्रा हेतु लकड़ी के तीन रथ बनाए जाते हैं- बलरामजी के लिए लाल एवं हरे रंग का “तालध्वज”नामक रथ; सुभद्रा जी के लिए नीले और लाल रंग का “दर्पदलना” नामक रथ और भगवान जगन्नाथ के लिए लाल और पीले रंग का “नन्दीघोष” नामक रथ बनाया जाता है। रथों का निर्माण कार्य अक्षय तृतीया से प्रारंभ होता है। रथों के निर्माण में प्रत्येक वर्ष नई लकड़ी का प्रयोग होता है। लकड़ी चुनने का कार्य बसन्त पंचमी से प्रारंभ होता है। रथों के निर्माण में कहीं भी लोहे व लोहे से बनी कीलों का प्रयोग नहीं किया जाता है। रथयात्रा के दिन तीनो रथों मुख्य मंदिर के सामने क्रमशः खड़ा किया जाता है। जिसमें सबसे आगे बलरामजी का रथ “तालध्वज” बीच में सुभद्राजी का रथ “दर्पदलना” और तीसरे स्थान पर भगवान जगन्नाथ का रथ “नन्दीघोष” होता है। रथयात्रा के दिन प्रातकाल सर्वप्रथम “पोहंडी बिजे” होती है। भगवान को रथ पर विराजमान करने की क्रिया “पोहंडी बिजे” कहलाती है। फिर पुरी राजघराने वंशज सोने की झाडू से रथों व उनके मार्ग को बुहारते हैं जिसे “छेरा पोहरा” कहा जाता है। “छेरा पोहरा” के बाद रथयात्रा प्रारंभ होती है। रथों को श्रद्धालु अपने हाथों से खींचते हैं जिसे “रथटण” कहा जाता है। सायंकाल रथयात्रा “श्रीगुण्डीचा मंदिर” पहुंचती है। जहां भगवान नौ दिनों तक विश्राम करते हैं और अपने भक्तों को दर्शन देते हैं। मंदिर से बाहर इन नौ दिनों के दर्शन को “आड़प दर्शन” कहा जाता है। दशमी तिथि को यात्रा वापस होती है जिसे “बहुड़ाजात्रा” कहते हैं। वापस आने पर भगवान एकादशी के दिन मंदिर के बाहर ही दर्शन देते हैं जहां उनका स्वर्णाभूषणों से श्रृंगार किया जाता है जिसे “सुनाभेस” कहते हैं। द्वादशी के दिन रथों पर  “अधर पणा” (भोग) के पश्चात भगवान को मन्दिर में प्रवेश कराया जाता है इसे “नीलाद्रि बिजे” कहते हैं।

वर्ष 2015 में मनाया जाएगा पुरी में “नवकलेवर उत्सव”-

जगन्नाथ पुरी में अगले वर्ष 2015 में “नवकलेवर उत्सव” मनाया जाएगा। पुराने काष्ठ निर्मित विग्रहों को समाधि देकर नवीन विग्रहों के निर्माण एवं प्राण-प्रतिष्ठा “नवकलेवर उत्सव” कहा जाता है। यह “नवकलेवर” जिस वर्ष आषाढ़ का अधिक मास (जो कि सामान्यतः 8 व 19 वर्षों के अंतराल पर होता है) आने पर मनाया जाता है। इस उत्सव में दारू वृक्ष के काष्ठ से निर्मित नवीन विग्रहों का निर्माण व उनकी प्राण-प्रतिष्ठा की जाती है। पुराने विग्रहों को मन्दिर परिसर में ही “कोयली वैकुण्ठ” नामक स्थान पर समाधि दे दी जाती है। पूर्व में यह उत्सव वर्ष 1996 में मनाया गया था।

कृष्णभावनामृत


सेस;गनेस;महेस;दिनेस;सुरेसहु;जाहि निरंतर गावै।
जाहि अनादि;अनंत;अखंड;अछेद;अभेद;सुबेद बतावै॥
नारद से सुक व्यास रहे पचिहारे तु पुनि पार ना पावै।
ताहि अहीर की छोहरियां छछिया भर छाछ पे नाच नचावै॥

धूरि भरे अति सोहत स्याम जू तैसी बनी सिर सुन्दर चोटि।
खेलत खात फिरे अंगना पग पैंजनी बाजति पीरी कछोटि॥
वा छवि को "रसखान" बिलोकत वारत काम कलानिधि कोटी।
काग के भाग बड़े सजनी हरि हाथ सौं ले गयो माखन रोटी॥

या लकुटि अरु कामरिया पर राज तिहूं पुर को तजि डारौं।
आठहुं सिद्धि;नवौं निधि को सुख नंद की धेनु चराय बिसारौं॥
"रसखान" कबौं इन आंखन सौं ब्रज के बन बाग तडा़ग निहारौं।
कोटिक हूं कलधौत के धाम करील के कुंजन ऊपर वारौं॥


मानुस हौं तो वही "रसखान" बसौ मिलि गोकुल गांव के ग्वारन।
जों पशु हौं तो कहां बस मेरौ, चरौ नित नंद की धेनु मंझारन॥
पाहन हौं तो वही गिरि को जो धरयो कर छत्र पुरंदर कारन।
जो खग हों तो बसेरो करौं मिलि कालिंदी कूल कदम्ब की डारन॥

ऋण मुक्ति मंत्र


मंगलवार के दिन शिवलिंग पर मसूर की दाल “ऋमुक्तेश्वर महादेवाय नमः” का जाप करते हुए चढ़ाएं। इससे ऋण उतरने लगता है।

दिग्बंध मंत्र


आजकल सभी जगह चोरों का बड़ा प्रकोप है। आज मैं आपको एक प्रयोग बता रहा हूं जिससे चोरों से रक्षा होती है। आप निम्न मंत्र की एक माला कर इस मंत्र को सिद्ध कर लें फिर ७ (सात) बार पढ़कर थोड़ी सी मिट्टी अभिमंत्रित करें। उस मिट्टी को अपने भवन के मुख्य द्वार पर ज़मीन में गाड़ दें। इससे चोरों से हमेशा आपका भवन सुरक्षित रहेगा। मंत्र इस प्रकार है-
“ॐ करालिनी स्वाहा। ॐ कपालिनी स्वाहा। ह्रीं ह्रीं ह्रीं ह्रीं चोर बंध ठः ठः ठः।”

दुःस्वप्न नाशक यंत्र


जिन मित्रों अक्सर दुःस्वप्न आते हों या कभी दुःस्वप्न आ जाए तो निम्न मंत्र का १० बार जाप करने से दुःस्वप्न के फल का नाश हो जाता है और भविष्य में दुःस्वप्न नहीं आते-

“ॐ ह्रीं श्रीं क्लीं पूर्वदुर्गतिनाशिन्यै महामायायै स्वाहा।”

सुभाषित


बहवो यत्र नेतारः सर्वे पण्डितमानिनः।
सर्वे महत्वमिच्छन्ति एद्राष्ट्रमवसीदति॥
(महाभारत)
जहां बहुत से लोग नेता बन जाते हैं सभी स्वयं को बहुत ज्ञानवान व बुद्धिमान मानते हैं तथा सभी महत्वाकांक्षी होते हैं, वह राष्ट्र नष्ट हो जाता है।

*****

यस्य नास्ति स्वयंप्रज्ञा शास्त्रं तस्य करोति किम् |
लोचनाभ्यां विहीनस्य दर्पणः किं करिष्यति ||

सोलह श्रृंगार


सोलह श्रृंगार की चर्चा तो आप सभी ने सुनी ही होगी लेकिन क्या आप जानते हैं कि वे सोलह श्रृंगार कौन से हैं, यदि नहीं तो हम आपको बताते हैं। सोलह श्रृंगार निम्न हैं-

अंगशुचि,मंजन,वसन,मांग,महावर,केश।
तिलक भाल,तिल चिबुक में,भूषण मेंहदी वेश।
मिस्सी,काजल,अरगजा,वीरी और सुगंध॥

अर्थात् शरीर पर उबटन लगाना,स्नान करना,स्वच्छ वस्त्र धारण करना,मांग भरना,महावर लगाना,बाल संवारना, टीका या बिंदी लगाना,ठोढ़ी पर तिल बनाना,आभूषण धारण करना,मेंहदी रचाना,दांतो में मिस्सी लगाना,आंखों में काजल लगाना, सुगंधित द्रव्य जैसे इत्र लगाना,पान खाना,माला पहनना और हाथों व केश में गजरा धारण करना।

मणियां


मणियां अनेक प्रकार की होती है किंतु उनमे नौ प्रकार की मणियों को ही मुख्य माना गया है। वे हैं-
१.घृतमणि २.तैलमणि ३.भीष्मकमणि ४.उपलकमणि ५.स्फटिकमणि ६.पारसमणि ७.उलूकमणि ८.लाजवर्तमणि ९.मासरमणि। इनमें पारसमणि व स्फटिकणि का नाम ही ज़्यादा प्रचलन में आता है।(पो.)

तिलक


हमारे शास्त्रों में तिलक लगाने का भी नियम बताया गया है। तर्जनी अंगुली से पितरों (पिंड) को, मध्यमा से स्वयं को, अनामिका से भगवान को एवं अंगुष्ठ (अंगूठे) से यजमान व मेहमान को तिलक करने का विधान है।

आरती


हमारे शास्त्रों में पाँच प्रकार से भगवान की आरती करने का विधान है। जल से भरे शंख द्वारा, साफ वस्त्र के द्वारा, चँवर या पत्तों के द्वारा, पाँच बत्तियों वाले दीपक के द्वारा एवं शाष्टांग दण्डवत के द्वारा।